रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। धार जिले में इस वर्ष पर्याप्त वर्षा नहीं होने से उत्पन्न सूखे की स्थिति को लेकर मनावर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. हीरालाल अलावा ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर धार जिले को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने की मांग की है।
विधायक डॉ. अलावा ने पत्र में बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र सहित धार जिले के विभिन्न ग्रामों में वर्षा की कमी के कारण किसानों और ग्रामीणों के सामने गंभीर परिस्थितियां निर्मित हो गई हैं। पर्याप्त बारिश नहीं होने से खरीफ फसलों की बुवाई एवं उत्पादन प्रभावित हुआ है तथा कई क्षेत्रों में फसलें सूखने की स्थिति में पहुंच गई हैं।
उन्होंने कहा कि बारिश की कमी का असर केवल खेती तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल और पशुओं के लिए पानी की समस्या भी सामने आने लगी है। ऐसे हालात में किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और समय रहते राहत एवं सहायता नहीं मिलने पर स्थिति और गंभीर हो सकती है।
विधायक ने मुख्यमंत्री से मांग की कि धार जिले में सूखे की स्थिति का तत्काल सर्वे एवं वैज्ञानिक आकलन कराया जाए। इसके आधार पर जिले को सूखाग्रस्त घोषित करते हुए प्रभावित किसानों एवं ग्रामीणों को शासन के नियमानुसार आवश्यक राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाए।
डॉ. अलावा ने सरकार से किसानों की स्थिति को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है, ताकि सूखे की स्थिति से प्रभावित किसानों और ग्रामीण परिवारों को समय पर राहत मिल सके।
