
उपायुक्त प्रीति ने जिला सचिवालय में जिला के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ गुड गवर्नेंस के तहत विभिन्न मुद्दों एवं योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की और निर्देश दिए कि वे अपने अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों को समय रहते पूरा करें तथा सभी अधिकारी गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाएं। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा उपायुक्त को चल रही योजनाओं एवं परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग निर्धारित समय सीमा के भीतर विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ पूरा करें तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समय पर पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निपटारा करें। उन्होंने कहा कि बैठक सभी अधिकारी अपने-अपने विभाग से संबंधित विकास कार्यों के बारे पूरी जानकारी के साथ आए। विकास कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरे करवाए जाए।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों के हेल्थ आयुष्मान कार्ड समय पर बनाए। उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम शुरू हो चुका है, इसलिए जिला के नागरिकों को बीमारियों से बचने के लिए जागरूकता शिविर आयोजित करें और स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं की विस्तार से जानकारी दें ताकि वह इन योजनाओं का लाभ उठा सकें। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति के कार्यक्रम चलाए जाए व एचआईवी के मरीजों की उचित देखभाल की जाए। उन्होंने जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी को निर्देश दिए कि पंचायत विभाग ग्रामीण जनता से जुड़ा विभाग है, इसलिए सरकार द्वारा जनता के हित में अनेकों योजनाएं शुरू करती है और इन सभी योजनाओं से पंचायत विभाग का संबंध अवश्य होता है। इसलिए खंड विकास एवं पंचायत अधिकारियों के साथ तालमेल करके सरकार की जनहित की योजनाओं को लोगों तक अवश्य पहुंचाए। उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूलों की स्थिति को सुधारा जाए। स्कूलों में नियमित पीने के पानी की जांच की जाए, बच्चों के बैठने की उचित व्यवस्था की जाए।
इस मौके पर नगर निगम के कमिश्नर महावीर प्रसाद, नगराधीश पीयूष गुप्ता, सीईओ जिला परिषद सुशील कुमार, डॉ. दिव्या मंगला, सीएमजीजीए अभिश्रुति, डीआईपीआरओ डॉ. मनोज कुमार, पब्लिक हेल्थ के कार्यकारी अभियंता सौरभ अलाहवत व एसडीओ रोहित सिंह सरोगी, जिला के सभी तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारीगण भी उपस्थित रहें।

