
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर, जिला धार | गुरु पूर्णिमा के पावन पर्व पर बालीपुर धाम स्थित अंबिका आश्रम श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा का केंद्र बन गया। ब्रह्मलीन संतश्री गजाननजी महाराज की पावन स्मृति में आयोजित गुरु पूर्णिमा महोत्सव में मध्यप्रदेश एवं गुजरात सहित विभिन्न क्षेत्रों से हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया। श्रद्धालुओं ने संतश्री गजाननजी महाराज की प्रतिमा के समक्ष श्रद्धापूर्वक शीश नवाकर गुरु चरणों का पूजन किया तथा जीवन में सुख-समृद्धि, शांति एवं आध्यात्मिक उन्नति की कामना की। संतश्री योगेशजी महाराज एवं संतश्री सुधाकरजी महाराज के सान्निध्य में आयोजित कार्यक्रम में ब्रह्मलीन संतश्री गजाननजी महाराज की चरण पादुकाओं को आकर्षक ढंग से सजाकर भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। पालकी यात्रा अंबिका आश्रम से प्रारंभ होकर हनुमान मंदिर, योगमाया मंदिर, शीतला माता मंदिर सहित ग्राम के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। मार्ग में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर पालकी का स्वागत किया तथा जयघोष और भजन-कीर्तन से वातावरण भक्तिमय बना दिया। काकड़ पूजन के बाद यात्रा पुनः आश्रम पहुंची, जहां गुरु पूजन एवं धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। आश्रम परिसर में 108 रामायण पाठ, महिलाओं द्वारा सामूहिक श्रीदुर्गा चालीसा पाठ, वैदिक मंत्रोच्चार, विशेष यज्ञ-हवन एवं गुरु चरण पूजन संपन्न हुआ। यज्ञाचार्यों, वेदाचार्यों, ब्राह्मणों एवं बटुकों ने वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन कराया। पूरे दिन आश्रम में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने गुरु भक्ति में लीन होकर धर्म लाभ प्राप्त किया। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के अवसर पर आयोजित विशाल भंडारे में धार, इंदौर, भोपाल, बड़वानी, आलीराजपुर तथा गुजरात के छोटा उदयपुर सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। आयोजन की व्यवस्थाओं में आश्रम के संतों, सेवकों एवं ग्रामीणजनों का सराहनीय सहयोग रहा।
इसी प्रकार नगर के गायत्री मंदिर, दत्तात्रेय दत्त मंदिर (गोपालपुरा), खेड़ापति हनुमान मंदिरब्रम्हलीन बद्रीदास बाबा (जूनी मनावर), मंगला देवी मंदिर ब्रम्हलीन रवि भारती बाबा, गुप्तेश्वर महादेव मंदिर ब्रम्हलीन गंगापुरी बाबा (कस्थली), बाल सिद्ध हनुमान शनि मंदिर भरतदास बाबा (धार रोड) तथा जागेश्वर मंदिर कनकधाम सीताराम आश्रम रामसेवक दास बाबा (राधारमण कॉलोनी), आशाराम बापू आश्रम (सेमल्दा रोड़), नारायण आश्रम शनि मंदीर थानापती निलेशगिरी महाराज (तारापुर), संत सिंगाजी आश्रम वायल सहित नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के अनेक मंदिरों और गुरुधामों में भी गुरु पूर्णिमा श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाई गई। विभिन्न स्थानों पर गुरु पूजन, वैदिक यज्ञ, सत्संग, भजन-कीर्तन एवं महाप्रसादी एवं भंडारों का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में श्रद्धा अर्पित कर समाज, राष्ट्र एवं विश्व कल्याण की प्रार्थना की।
मुख्य आकर्षण
ब्रह्मलीन संतश्री गजाननजी महाराज की प्रतिमा पर गुरु पूजन।
संतश्री योगेशजी एवं सुधाकरजी महाराज के सान्निध्य में भव्य पालकी यात्रा।
108 रामायण पाठ, सामूहिक दुर्गा चालीसा एवं वैदिक यज्ञ-हवन।
हजारों श्रद्धालुओं ने विशाल भंडारे में ग्रहण किया प्रसाद।
मनावर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के मंदिरों और आश्रमों में भी गुरु पूर्णिमा पर्व श्रद्धा से मनाया गया।

