
जहानाबाद। जिले के बराबर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम जमीन विवाद में 60 वर्षीय विजय यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वह परसौना गांव के निवासी थे। यह घटना उसी परिवार में हुई है, जहां कुछ समय पहले उनके बेटे की भी हत्या की गई थी।

परिजनों ने बताया कि विजय यादव गेहूं पिसवाकर घर लौट रहे थे। डकरा मोड़ के पास घात लगाए बैठे बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और गर्दन में गोली मार दी। गोली लगने से वह सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची।

मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया है कि उनके परिवार का अपने ही गोतिया पक्ष के लोगों से लंबे समय से जमीन विवाद चल रहा है। इसी विवाद के चलते 4 जनवरी 2025 को उनके भाई लोकनाथ यादव की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुत्र के अनुसार, लोकनाथ हत्याकांड में दर्ज प्राथमिकी वापस लेने के लिए उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था और पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं।
परिजनों ने यह भी बताया कि लोकनाथ यादव हत्याकांड में अब तक दो गवाहों की गवाही हो चुकी थी, और आगामी 6 तारीख को एक और गवाह की पेशी होनी थी। उनका आरोप है कि गवाही को प्रभावित करने और मुकदमे में दबाव बनाने के इरादे से इस वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के समय विजय यादव का एक बेटा भी उनके साथ था, जो किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागने में सफल रहा। सूचना मिलने पर बराबर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि फिलहाल आरोपी फरार हैं। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।