
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
राठ (हमीरपुर)। कस्बे की नवीन गल्ला मंडी के पास नहर में एक राजमिस्त्री का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महोबा जनपद के पनवाड़ी थाना क्षेत्र के नकरा गांव निवासी 47 वर्षीय नंदराम कुशवाहा के रूप में हुई है। वह राजमिस्त्री का कार्य करते थे और रोजाना राठ कस्बे के पड़ाव चौराहे स्थित लेबर चौक पर काम की तलाश में आते थे।परिजनों ने बताया कि नंदराम बुधवार को मजदूरी के लिए घर से राठ आए थे, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बाद गुरुवार देर रात करीब 12:30 बजे नवीन गल्ला मंडी के पास नहर में उनका शव मिलने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर राठ सीएचसी के शव गृह में रखवाया।मृतक अपने पीछे पत्नी, पुत्र रवि, पुत्री भारती सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।मृतक के भाई ने नंदराम की मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

