

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा पुलिस ने ज्वेलर्स की दुकान से पायल चोरी करने के मामले में वांछित महिला अभियुक्ता को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की तीन जोड़ी चांदी की पायल बरामद की हैं।पुलिस के अनुसार 6 जुलाई को मराठीपुरा निवासी रामअवतार ने तहरीर देकर बताया था कि एक महिला किशोरी के साथ उसकी तहसील रोड स्थित ज्वेलर्स की दुकान पर पायल खरीदने के बहाने आई थी। काफी देर तक विभिन्न डिजाइन की पायल देखने के बाद वह बिना खरीदारी किए चली गई। बाद में गिनती करने पर तीन जोड़ी पायल गायब मिलीं। सीसीटीवी फुटेज की जांच में महिला द्वारा पायल चोरी करने की पुष्टि होने पर मुकदमा दर्ज किया गया था।विवेचना के दौरान महिला की पहचान होने पर शनिवार को मौदहा पुलिस ने उसे पढ़ोरी अंडरपास के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में उसके पास से करीब 311.04 ग्राम वजन की तीन जोड़ी चांदी की पायल बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए अभियुक्ता को न्यायालय में पेश कर दिया।पुलिस के अनुसार गिरफ्तार महिला के खिलाफ कानपुर नगर में भी चोरी और अन्य मामलों के मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक अभिषेक त्रिवेदी सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
