
जहानाबाद। सावन के महीने में बाबा सिद्धेश्वर नाथ की नगरी वाणावर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मंदिर तक पहुंचाना पहले से काफी आसान हो जाएगा। दरअसल रोपवे निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में है और उम्मीद है कि श्रावणी मेले से पहले इसका ट्रायल कर लोगों को यह सुविधा उपलब्ध करा दी जाएगी। जानकारी के अनुसार हथियाबोर क्षेत्र से सिद्धेश्वर नाथ मंदिर तक बनने वाला यह रोपवे श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए बेहद सुविधाजनक साबित होगा। अभी तक मंदिर तक पहुंचने के लिए लोगों को पैदल चढ़ाई करनी पड़ती थी। जिससे बुजुर्गों और बच्चों को काफी परेशानी होती थी। लेकिन रोपवे शुरू होने के बाद यह यात्रा कुछ ही मिनटों में पूरी की जा सकेगी।
दरअसल यहां रोपवे का आधारशिला वर्ष 2015 में ही रखी गई थी। लेकिन वन विभाग के अनुमति नहीं मिलने के कारण कार्य में विलंब हुआ। 2022 के अक्टूबर महीने से काम प्रगति में आया लेकिन बीच-बीच में कई स्थानीय स्तर पर समस्या आती रही जिसके कारण निर्माण कार्य की गति प्रभावित होता रहा। हालांकि अब रोपवे का निर्माण अंतिम चरण में है। ऐसे में कभी भी इसका ट्रायल हो सकता है। लोअर स्टेशन और अपर स्टेशन का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। इसके साथ ही चारों टावर भी तैयार हैं।
