A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :

ग्रो सेफ फूड 2.0 अभियान के तहत सुरक्षित कीटनाशी प्रयोग पर कार्यशाला हमीरपुर। कृषि निदेशालय (कृषि रक्षा अनुभाग), उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मंगलवार को कृषि भवन सभागार में ‘ग्रो सेफ फूड 2.0’ अभियान के अंतर्गत कीटनाशकों के संतुलित एवं सुरक्षित प्रयोग विषयक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता उप कृषि निदेशक डॉ. प्रमोद कुमार ने की।कार्यशाला में कृषि, उद्यान एवं इफको विभाग के अधिकारियों, एग्री जंक्शन वन स्टॉप शॉप संचालकों, उर्वरक एवं कीटनाशी विक्रेताओं तथा प्रगतिशील किसानों ने भाग लिया। डॉ. प्रमोद कुमार ने कहा कि वैज्ञानिक अनुशंसाओं के अनुसार संतुलित एवं सुरक्षित मात्रा में कीटनाशकों का प्रयोग करने से फसलों की गुणवत्ता बनी रहती है और पर्यावरण व मानव स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहता है।विशेषज्ञों ने समेकित कीट प्रबंधन (आईपीएम) की आधुनिक तकनीकों, कीटनाशकों के सुरक्षित उपयोग एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी। साथ ही सोलर लाइट ट्रैप, स्टिकी ट्रैप, ल्यूर, नीम ऑयल, ट्राइकोडर्मा हार्जेनियम और ब्यूवेरिया बैसियाना जैसे जैविक एवं पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के उपयोग पर भी विस्तार से चर्चा की गई।कार्यक्रम में जिला कृषि अधिकारी डॉ. हरी शंकर, जिला कृषि रक्षा अधिकारी डॉ. इन्द्रेषु कुमार गौतम, अपर जिला कृषि अधिकारी रविपाल, उद्यान निरीक्षक पीयूष कुमार, इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक शशिकांत सहित प्रगतिशील कृषकों एवं कृषि आदान विक्रेताओं ने सुरक्षित कीटनाशी प्रयोग और गुणवत्तापूर्ण खाद्यान्न उत्पादन से जुड़ी तकनीकी जानकारी साझा की। अंत में किसानों से आवश्यकता आधारित एवं सुरक्षित कीटनाशी उपयोग अपनाकर पर्यावरण संरक्षण और सुरक्षित खाद्यान्न उत्पादन में सहयोग करने का आह्वान किया गया।

Show More
Back to top button