A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष ने हमीरपुर में आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा, आउटसोर्सिंग भर्तियों में भी 27% आरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर। राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति ने शनिवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में जनपद के विभिन्न विभागों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था के अनुपालन की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित भर्तियों के साथ-साथ आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली नियुक्तियों में भी आरक्षण संबंधी नियमों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जाए।बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि जनपद में नियमित भर्तियां शासन की व्यवस्था के अनुसार लोक सेवा आयोग और अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से की जाती हैं, जिनमें ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाता है।समीक्षा के दौरान साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि आउटसोर्सिंग के जरिए होने वाली भर्तियों का व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र अभ्यर्थियों तक जानकारी पहुंचे और उन्हें नियमानुसार आरक्षण का लाभ मिल सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि आरक्षण व्यवस्था का प्रभावी क्रियान्वयन शासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा आरक्षण के अनुपालन की स्थिति पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Show More
Back to top button