
चंद्रवंशी समाज को संगठित और सशक्त बनाने का आह्वान, डॉ. भीम सिंह ने दिया विकास का मंत्र
पटना। बिहार की राजधानी पटना स्थित आई.ए.एम. हॉल में चंद्रवंशी चेतना मंच के बैनर तले एक भव्य एवं ऐतिहासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बिहार के सभी 38 जिलों से पहुंचे जिला अध्यक्षों, प्रखंड अध्यक्षों एवं समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद सह चंद्रवंशी चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भीम सिंह ने की।
अपने ओजस्वी संबोधन में डॉ. भीम सिंह ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी शिक्षा, संगठन और राजनीतिक भागीदारी में निहित होती है। उन्होंने समाज के अभिभावकों से आह्वान किया कि वे अपने बच्चों को उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण दिलाने के लिए आगे आएं ताकि नई पीढ़ी आत्मनिर्भर और सक्षम बन सके।
उन्होंने कहा कि चंद्रवंशी समाज को अब सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान बनानी होगी। समाज के लोगों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि अपने नाम के साथ “चंद्रवंशी” उपनाम का प्रयोग अवश्य करें, जिससे समाज की एकता और पहचान को नई मजबूती मिले।
डॉ. सिंह ने राजनीतिक जागरूकता पर बल देते हुए कहा कि लोकतंत्र में भागीदारी ही अधिकारों की रक्षा का सबसे बड़ा माध्यम है। उन्होंने समाज के लोगों से मतदान के प्रति सजग रहने और राजनीतिक रूप से संगठित होकर अपनी भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने आर्थिक रूप से सक्षम लोगों से समाज के उत्थान के लिए सहयोग देने तथा युवाओं से समाज सेवा के लिए समय निकालने की अपील की।
कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण आकर्षण वह घोषणा रही, जिसमें डॉ. भीम सिंह ने बताया कि पूरे बिहार में 500 चंद्रवंशी चौपालों का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये चौपाल समाज के सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक विकास के केंद्र बनेंगे तथा आने वाली पीढ़ियों को एक मजबूत मंच प्रदान करेंगे।
बैठक में उपस्थित प्रतिनिधियों ने समाज की एकता, संगठन और विकास को लेकर अपने विचार रखे तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में समाज को नई दिशा देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर मुंगेर जिला चंद्रवंशी चेतना मंच के जिला अध्यक्ष जुगल किशोर चंद्रवंशी ने राज्यसभा सांसद सह राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. भीम सिंह कोअंगवस्त्र ओढ़ाकर सम्मानित किया तथा माँ दुर्गा की भव्य प्रतिमा भेंट कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया।
बैठक का समापन समाज की एकता, शिक्षा, स्वाभिमान और राजनीतिक सशक्तिकरण के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम में मौजूद प्रतिनिधियों ने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. भीम सिंह के नेतृत्व में चंद्रवंशी समाज नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और राज्य ही नहीं, देश के विकास में भी अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।