


हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जनपद में स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिलाधिकारी अभिषेक गोयल के निर्देश पर ग्राम झलोखर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। दो दिनों तक चले इस अभियान के दौरान सड़क किनारे जमा कचरा, झाड़-झंखाड़, नालियों और सार्वजनिक स्थलों की व्यापक सफाई कराई गई, जिससे गांव का स्वरूप पूरी तरह बदल गया।जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती परीक्षा-2026 के अंतर्गत राजाराम इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने झलोखर क्षेत्र में व्याप्त गंदगी का संज्ञान लिया था। इसके बाद उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को तत्काल विशेष सफाई अभियान संचालित करने के निर्देश दिए थे।जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीमती सुबोध जोशी के नेतृत्व में 10 सफाई कर्मियों और 2 जेसीबी मशीनों की मदद से लगातार दो दिनों तक सफाई अभियान चलाया गया। अभियान से गांव के लगभग 80 से 90 परिवारों को प्रत्यक्ष लाभ मिला तथा क्षेत्र में स्वच्छ और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण स्थापित हुआ।ग्रामीणों ने प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि लंबे समय से बनी हुई गंदगी की समस्या का समाधान हुआ है और गांव पहले की अपेक्षा अधिक साफ-सुथरा एवं आकर्षक दिखाई दे रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी और जिला पंचायत राज विभाग के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
110 से अधिक ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा संग्रहण अभियान तेज, ग्रामीणों ने प्रशासन की पहल की सराहना
इसी क्रम में भारत सरकार के ‘सेवा के 12 वर्ष’ अभियान के तहत 5 जून से 21 जून तक जनपद की 110 से अधिक ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरा संग्रहण एवं निस्तारण अभियान भी चलाया जा रहा है। अभियान में जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है।विकासखंड सुमेरपुर में ब्लॉक प्रमुख जय नारायण ने प्लास्टिक अपशिष्ट से भरे वाहनों को हरी झंडी दिखाकर पौथिया स्थित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट यूनिट के लिए रवाना किया। वहीं विकासखंड सरीला सहित अन्य क्षेत्रों में भी प्लास्टिक कचरे का संग्रहण कर वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था की जा रही है।प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता के माध्यम से स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल जनपद के निर्माण के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाते रहेंगे।