
बानसूर। निदान चिकित्सा सुविधा को इंश्योरेंस मोड पर किए जाने के विरोध में शनिवार को बानसूर के सेवानिवृत कर्मचारियों ने उपखंड कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इससे पहले बाबा गिरधारी दास मंदिर परिसर में भारी संख्या में सेवानिवृत कर्मचारी एकत्र हुए और बैठक की। बैठक की अध्यक्षता शिक्षक नेता हरि सिंह टाक ने की, जबकि मंच संचालन राजस्थान सेवानिवृत्ति कर्मचारी महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष बृजमोहन शर्मा ने किया। बैठक को संबोधित करते हुए राम सिंह पूनिया, मूलचंद वर्मा, अरुण जी, सुबह सिंह चौधरी सहित दर्जनों वक्ताओं ने सरकार पर मनमानी का आरोप लगाया। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से मिल रही निदान चिकित्सा सुविधा को बंद कर इंश्योरेंस मोड पर लाना सेवानिवृत कर्मचारियों के साथ अन्याय है। वक्ताओं का कहना था कि निदान चिकित्सा सुविधा लंबे समय से भ्रष्टाचार के चलते बंद पड़ी थी, जिसे संगठन की आवाज पर शुरू किया गया था। अब इसमें किसी भी तरह की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि सुविधा से छेड़छाड़ करने पर सरकार को परिणाम भुगतने के लिए तैयार रहना होगा। बैठक के बाद मंदिर से उपखंड कार्यालय तक सेवानिवृत कर्मचारियों ने सरकार विरोधी नारों के साथ प्रदर्शन किया। उपखंड कार्यालय पहुंचकर कार्यालय विशेषाधिकार राजेश शर्मा को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन भूप सिंह चौधरी की अगुवाई में दिया गया। बानसूर में सेवानिवृत कर्मचारियों की इस विशाल बैठक और प्रदर्शन के बाद चर्चा है कि राजस्थान का सेवानिवृत कर्मचारी फिर से अपनी ताकत दिखाने के मूड में आ गया है।
