
वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला स्तरीय बैठक आयोजित
स्थानीय समस्याओं पर आधारित शोध कार्य को बढ़ावा देने और बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर चर्चा हुई।
जहानाबाद। जिले में वैज्ञानिक सोच और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रविवार को राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस (एनसीएससी) को लेकर एक जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। यह बैठक स्थानीय परिसदन सभागार में हुई, जिसकी अध्यक्षता ललित शंकर पाठक ने की। इसमें जिले के विज्ञान शिक्षकों, शिक्षा से जुड़े सदस्यों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में बाल विज्ञान कांग्रेस की गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने, अधिक से अधिक विद्यालयों को जोड़ने और छात्रों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। निर्णय लिया गया कि जिले के लगभग सभी विद्यालयों तक पहुंच बनाकर हजारों विद्यार्थियों को इस राष्ट्रीय विज्ञान अभियान से जोड़ा जाएगा।
रणनीति के तहत, प्रत्येक विद्यालय से अधिकतम विज्ञान परियोजनाएं तैयार कराने, स्थानीय समस्याओं पर आधारित शोध कार्य को बढ़ावा देने और बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने पर चर्चा हुई। इन कार्यों के लिए जिला आयोजन समिति और जिला अकादमिक समिति को सक्रिय रूप से कार्य करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सदस्यों ने विज्ञान शिक्षकों के प्रशिक्षण के लिए कार्यशालाएं आयोजित करने, गाइड शिक्षकों और मेंटर्स का एक नेटवर्क तैयार करने तथा विद्यालय संपर्क अभियान चलाने पर सहमति व्यक्त की। साथ ही, चयनित परियोजनाओं को राज्य स्तर तक बेहतर तरीके से पहुंचाने के लिए मेंटरिंग और अकादमिक सहयोग की व्यवस्था विकसित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में विश्वास व्यक्त किया गया कि इन सामूहिक प्रयासों से जहानाबाद जिला बाल विज्ञान कांग्रेस के क्षेत्र में अपनी एक मजबूत पहचान बनाएगा। इससे बच्चों में वैज्ञानिक सोच, अनुसंधान संस्कृति और नवाचार की भावना को नई दिशा मिलेगी। बैठक में पवन कुमार, राजीव रंजन, पंकज कुमार, अंजनी कुमार उपाध्याय, शशिरंजन कुमार, बेंकटेश कुमार, तेज प्रताप, सत्य प्रकाश, शशि कुमार, सुगंधा कुमारी सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
