30 कृषकों का दल तीन दिवसीय प्रशिक्षण सह भ्रमण के लिए रतलाम एवं नीमच रवाना
संरक्षित खेती, आधुनिक कृषि तकनीकों और उद्यानिकी फसलों की खेती का मिलेगा प्रशिक्षण
विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष पाटीदार एवं श्री महेंद्र पाटीदार ने हरी झंडी दिखाकर दल को किया रवाना
खरगोन 25 नवंबर 2026। राज्य पोषित योजना अंतर्गत जिले के 30 कृषकों का दल तीन दिवसीय कृषक प्रशिक्षण सह भ्रमण के लिए रतलाम एवं नीमच के लिए रवाना हुआ। कार्यालय उपसंचालक उद्यान, खरगोन से रवाना हुए इस दल का उद्देश्य कृषकों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत उद्यानिकी खेती और नवीन कृषि गतिविधियों की व्यावहारिक जानकारी उपलब्ध कराना है।
भ्रमण के दौरान कृषकों को रतलाम एवं नीमच जिले के प्रगतिशील कृषकों के प्रक्षेत्रों का अवलोकन कराया जाएगा। इसमें संरक्षित खेती के अंतर्गत ब्लूबेरी, स्ट्रॉबेरी, जरबेरा, गुलाब, ड्रैगन फ्रूट एवं अंगूर की खेती के साथ हाइड्रोपोनिक्स तकनीक, ड्रिप ऑटोमेशन और बेमौसम आम की खेती की जानकारी दी जाएगी।
इसके अतिरिक्त कृषक औषधीय फसलों की खेती, मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, प्रसंस्करण इकाइयों तथा नीमच स्थित औषधीय मंडी का भ्रमण करेंगे। इस दौरान उन्हें आधुनिक उत्पादन तकनीकों, विपणन एवं प्रसंस्करण से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिलेगी।
इस अवसर पर विधायक प्रतिनिधि श्री संतोष पाटीदार एवं श्री महेंद्र पाटीदार ने हरी झंडी दिखाकर कृषकों के दल को रवाना किया। प्रशिक्षण एवं भ्रमण के लिए दल प्रभारी के रूप में उद्यान विकास अधिकारी, विकासखंड बड़वाह श्री बद्रीप्रसाद कोहरे भी कृषकों के साथ रवाना हुए।
