*कोटपूतली-बहरोड़, 25 नवंबर।*
जिला प्रमुख चुनाव में ऐतिहासिक जीत के बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख रामनिवास यादव ने मीडिया से बातचीत में जीत का श्रेय पार्टी संगठन, जिला अध्यक्ष और जिले की जनता को दिया। फूल-मालाओं से लदे रामनिवास यादव ने कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरी कांग्रेस पार्टी और जनता जनार्दन की जीत है।
उन्होंने कहा कि जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में पार्टी के सभी नेताओं ने एकजुट होकर चुनाव लड़ा, जिसका परिणाम है कि जिला परिषद के कुल 27 में से 20 सदस्य कांग्रेस के जीते। उन्होंने जिला अध्यक्ष को इस जीत का सबसे बड़ा श्रेय देते हुए कहा कि उन्होंने पार्टी को एकजुट रखकर अंतिम समय तक मतदान करवाने में अहम भूमिका निभाई।
रामनिवास यादव ने इस अवसर पर संजय यादव, ललित यादव सहित जिले के सभी नेताओं का धन्यवाद ज्ञापित किया, जिन्होंने उन्हें ताकत दी। उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सचिन पायलट सहित पार्टी के सभी केंद्रीय और राष्ट्रीय नेताओं का भी आभार व्यक्त किया।
आगे की कार्ययोजना पर बात करते हुए नवनिर्वाचित जिला प्रमुख ने कहा कि उनकी हमेशा से यही प्राथमिकता रही है कि जनता की समस्याओं को ज्यादा से ज्यादा हल किया जाए और उनका निदान हो। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज में भी जितना काम हो सकेगा, उतना करवाने का भरसक प्रयास करेंगे। इसके लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं का सहयोग भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता हमेशा उनके साथ हैं।
अपने लंबे राजनीतिक अनुभव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि वह पिछले 30-40 साल से राजनीति में हैं और उन्हें राजकाज चलाने का पूरा अनुभव है। हर तरह की समस्याओं से वह वाकिफ हैं, इसलिए वह जनता के लिए पहले भी नेताओं को साथ लेकर चलते थे और आगे भी सभी को साथ लेकर चलेंगे।
बातचीत के अंत में रामनिवास यादव भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उन्हें कांग्रेस पार्टी ज्वाइन करवाने के लिए वह सचिन पायलट के आभारी हैं। चोमू के चुनाव और लोकसभा चुनाव के समय से ही राजनीति में उनका जो वनवास हो गया था, वह अब इस जीत के साथ पुनर्वास में बदल गया है।
