डिंडोरी। प्रदेश के अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों को तृतीय क्रमोनति मिलने का रास्ता साफ हो गया है। सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शोल नागू की डिवीजन बेंच ने मप्र सरकार की उस विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) को खारिज कर दिया है, जिसके जरिए मप्र हाई कोर्ट के निर्णय को चुनौती दौ गई थी। सुको की डिवीजन बेंच ने अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों को तृतीय क्रमोन्नति देने के मप्र हाई कोर्ट के निर्णय को बरकरार रखा है। तिलक विद्यालय कटनी के शिक्षक एसपी मिश्रा की ओर से दायर याचिका में कहा गया कि राज्य सरकार के शिक्षकों को तृतीय क्रमोन्नति का लाभ दिया जा रहा है। अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थाओं में कार्यरत शिक्षकों को तृतीय क्रमोन्नति के लाभ से वंचित किया जा रहा है। मप्र हाई कोर्ट ने 6 मई 2026 को अनुदान प्राप्त शिक्षण संस्थाओं के शिक्षकों के पक्ष में निर्णय सुनाया था। सरकार की ओर से हाई कोर्ट के निर्णय को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार की एसएलपी खारिज कर दी। शिक्षकों की ओर से अधिवक्ता मनन अग्रवाल, सम्यक जैन और अधिवक्ता शुभम मिश्रा ने पक्ष प्रस्तुत किया।
*आदेश का पालन नहीं किया तो ओआईसी को होना होगा कोर्ट में हाजिर*
मप्र हाई कोर्ट के जस्टिस विशाल धगट की एकल पीठ ने चित्रकूट विश्वविद्यालय के तीन एडहॉक लेक्चरर्स को सेवा में बरकरार रखने के मामले में विवि प्रशासन को आदेश का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। एकल पीठ ने स्पष्ट किया है कि आदेश का पालन नहीं होने पर मामले में ओआईसी को कोर्ट में हाजिर होना होगा। मामले की अगली सुनवाई 2 दिसंबर को निर्धारित की गई है।
यह याचिका चित्रकूट विश्वविद्यालय में एडहॉक लेक्चरर्स नीरज सिंह, विवेक कुमार सिंह और नीरज कुमार सिंह की ओर से दायर की गई है। अधिवक्ता प्रवीण वर्मा एवं ज्योति वर्मा ने बताया कि हाई कोर्ट ने 1 जुलाई 2023 को याचिकाकर्ताओं को सेवा में बरकरार रखने का आदेश दिया था। विवि प्रशासन ने आदेश का पालन नहीं किया। इसके बाद अवमानना याचिका दायर की गई है।
