पुलिस व्यवस्था सुदृढ़ करने, अस्पताल में हड्डी रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति, कॉलेज का नाम बिरसा मुंडा के नाम पर करने और सिंचाई-सड़क सुविधाओं के विस्तार का उठाया मुद्दा…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। मनावर विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास और जनसमस्याओं के निराकरण को लेकर जिला पंचायत सदस्य शिवराम गोपाल कन्नौज ने भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात कर विभिन्न मांगों का मांग पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने मनावर को जिला बनाने सहित पुलिस, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई और ग्रामीण सड़क निर्माण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर मुख्यमंत्री का ध्यान आकर्षित किया।
मुख्यमंत्री से चर्चा के दौरान कन्नौज ने कहा कि मनावर विधानसभा क्षेत्र भौगोलिक दृष्टि से विस्तृत तथा ग्रामीण एवं आदिवासी बाहुल्य है। यहां के नागरिकों को प्रशासनिक कार्यों, स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा, कानून-व्यवस्था और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। क्षेत्र की आवश्यकताओं और जनभावनाओं को ध्यान में रखते हुए उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न मांगें रखीं।
मनावर को जिला बनाने सहित पुलिस व्यवस्था मजबूत करने की मांग
कन्नौज ने मनावर की भौगोलिक स्थिति, जनसंख्या और प्रशासनिक आवश्यकताओं को देखते हुए मनावर को स्वतंत्र जिला घोषित करने की मांग प्रमुखता से उठाई। उन्होंने कहा कि जिला बनने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को प्रशासनिक कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा तथा विकास कार्यों को गति मिलेगी।
इसके साथ ही उमरबन की वर्तमान पुलिस चौकी को पुलिस थाने में उन्नत करने तथा ग्राम पंचायत कालीबावड़ी में नवीन पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग की। इससे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था मजबूत होने के साथ ग्रामीणों को पुलिस संबंधी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
अस्पताल, महाविद्यालय और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार पर जोर
स्वास्थ्य सेवाओं की समस्या उठाते हुए उन्होंने शासकीय अस्पताल मनावर में स्थायी हड्डी रोग विशेषज्ञ (ऑर्थोपेडिक डॉक्टर) की नियुक्ति की मांग की। उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं और हड्डियों से संबंधित बीमारियों के मरीजों को विशेषज्ञ उपचार के लिए अन्य शहरों में जाना पड़ता है। स्थायी नियुक्ति होने से मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।
जनजातीय समाज के गौरव एवं महापुरुषों के सम्मान की दृष्टि से शासकीय महाविद्यालय मनावर का नामकरण जननायक बिरसा मुंडा शासकीय महाविद्यालय मनावर किए जाने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा का संघर्षमय जीवन, सामाजिक चेतना और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनका योगदान विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।
वहीं किसानों के हित में ओंकारेश्वर नहर परियोजना के चतुर्थ चरण का उन्नयन कर उसे सुचारु रूप से चालू करने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि सिंचाई सुविधाओं का विस्तार होने से किसानों को पर्याप्त पानी मिलेगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि के साथ उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
ग्रामीण सड़कों के निर्माण से जुड़े मुद्दे भी उठाए
ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर बनाने के लिए ग्राम पेरखड़, बिजावयड़ी, झापड़ी, बालीपुर बुजुर्ग और सावलाखेड़ी सहित विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में नवीन सड़कों के निर्माण की मांग की गई। उन्होंने कहा कि बेहतर सड़क संपर्क से किसानों, विद्यार्थियों, मरीजों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
मुख्यमंत्री ने गंभीरता से सुनीं मांगें, सकारात्मक आश्वासन दिया
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जिला पंचायत सदस्य शिवराम गोपाल कन्नौज द्वारा प्रस्तुत मांगों एवं क्षेत्रीय समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा जनहित से जुड़े विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए निराकरण की दिशा में प्रयास करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कन्नौज को स्नेह एवं आशीर्वाद भी प्रदान किया।
भाजपा ग्रामीण धार जिला मीडिया प्रभारी विजय राठौर सिंघाना ने बताया कि मुख्यमंत्री के समक्ष क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास संबंधी मांगों को रखे जाने से क्षेत्रवासियों में विकास कार्यों को लेकर नई उम्मीद जगी है। वहीं जिला पंचायत सदस्य शिवराम गोपाल कन्नौज ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मनावर विधानसभा क्षेत्र के विकास और आमजन की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
