महेश्वर में 70 शिक्षकों को दिया गया कृत्रिम बुद्धिमत्ता का प्रशिक्षण
माइक्रोसॉफ्ट के एजुकेटर्स कार्यक्रम के तहत शिक्षकों को कोपायलट के उपयोग की दी गई जानकारी
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षण में आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा देने पर जोर
खरगोन 23 नवंबर 2026। जनजातीय कार्य विभाग के अंतर्गत पीरामल फाउंडेशन के सहयोग से महेश्वर विकासखंड के सांदीपनि विद्यालय में शिक्षकों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। माइक्रोसॉफ्ट एलिवेट फॉर एजुकेटर्स कार्यक्रम के तहत आयोजित इस कार्यशाला में महेश्वर विकासखंड के लगभग 70 शिक्षकों ने सहभागिता की।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की आधुनिक तकनीक से परिचित कराना तथा कोपायलट नामक एआई उपकरण के प्रभावी उपयोग का प्रशिक्षण देना था। इसके साथ ही जिले में विषय विशेषज्ञ प्रशिक्षक तैयार करना भी कार्यक्रम का प्रमुख लक्ष्य रहा, ताकि प्रशिक्षित शिक्षकों के माध्यम से विकासखंड के सभी शिक्षकों को एआई उपकरणों के उपयोग का प्रशिक्षण दिया जा सके।
कार्यशाला का संचालन भोपाल में आयोजित प्रशिक्षण से प्रशिक्षित मुख्य प्रशिक्षक श्रीमती शिवांगी पवैया ने किया। वहीं कृत्रिम बुद्धिमत्ता परामर्शदाता श्रीमती हेमा गुप्ता ने प्रशिक्षण के संचालन एवं समन्वय में सहयोग प्रदान किया।
कार्यक्रम को विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री रामलाल चौहान के मार्गदर्शन में प्रभावी रूप से संपन्न कराया गया। सांदीपनि विद्यालय महेश्वर के शिक्षक श्री दीनानाथ चौहान ने भी आयोजन में सहयोग दिया। विद्यालय के प्राचार्य श्री बृजेश गुप्ता ने शिक्षकों को इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता करने तथा शिक्षण प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक एवं नवाचार को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस प्रशिक्षण के माध्यम से शिक्षकों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित शैक्षणिक संसाधनों के उपयोग की जानकारी दी गई। इससे शिक्षण कार्य को अधिक सरल, प्रभावी और नवाचारपूर्ण बनाने की दिशा में मदद मिलेगी।
