हमीरपुर। आगामी निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं प्रलोभन-मुक्त संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता तथा पुलिस अधीक्षक मृगांक शेखर पाठक की उपस्थिति में जनपद स्तरीय आसूचना समिति की बैठक आयोजित हुई।
बैठक में विधानसभा क्षेत्र 228-हमीरपुर एवं 229-राठ (अ०जा०) के निर्वाचन व्यय संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण को लेकर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि संवेदनशील क्षेत्रों का निर्धारण पूर्व निर्वाचनों की घटनाओं, बरामदगी, प्राप्त आसूचना और विभागीय अभिलेखों के आधार पर किया जाए।
पिछले दो विधानसभा एवं लोकसभा चुनावों तथा चुनाव घोषणा से पूर्व छह माह के दौरान नकदी, अवैध मदिरा, मादक पदार्थ, आभूषण और अन्य प्रलोभन सामग्री की बरामदगी का विधानसभा क्षेत्रवार विश्लेषण कर रिपोर्ट तैयार करने को कहा। उन्होंने सीमाओं, संभावित परिवहन मार्गों और बैंकिंग गतिविधियों पर नियमानुसार निगरानी रखने तथा पुलिस, आबकारी, आयकर, राज्य कर, बैंकिंग एवं नारकोटिक्स सहित सभी प्रवर्तन एजेंसियों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को सूचनाएं तत्काल संकलित कर प्रारंभिक संवेदनशीलता रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा गया। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार फ्लाइंग स्क्वाड, स्टैटिक सर्विलांस, वीडियो सर्विलांस टीम एवं सहायक व्यय प्रेक्षकों की तैनाती की संस्तुति तैयार की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी राकेश कुमार को समेकित रिपोर्ट निर्धारित समयसीमा में मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
