*बसखारी विकास खण्ड में भ्रष्टाचार का कथित साम्राज्य!*
*विकास कार्यों के नाम पर सरकारी खजाने की बंदरबांट, एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतें जांच के घेरे में*
*पुरानी वर्क आईडी से भुगतान, एक ही कार्य पर दो-दो बार धनराशि खर्च करने और टाइड फंड के दुरुपयोग के गंभीर आरोप*
, *पोर्टल के अभिलेखों और धरातलीय हकीकत में बड़ा अंतर*
*अम्बेडकरनगर।* प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार मुक्त उत्तर प्रदेश बनाने के लिए जीरो टॉलरेंस की नीति पर जोर दे रही है, लेकिन विकास खण्ड बसखारी में सामने आ रहे वित्तीय
अनियमितताओं के मामले सरकारी दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। यहां विकास कार्यों के नाम पर सरकारी धन के कथित दुरुपयोग का ऐसा खेल उजागर होने का दावा किया जा रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच होने पर कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।
*ग्राम पंचायत टंडवा मिश्र, अरुसा आजमपुर, केवटला, मुजाहिदपुर, भिदूण, टंडवा दरब* सहित एक दर्जन से अधिक ग्राम पंचायतों के पोर्टल पर अपलोड अभिलेखों और धरातलीय स्थिति के मिलान में कई गंभीर विसंगतियां सामने आई हैं। आरोप है कि कहीं पूर्व के वर्षों की जनरेट वर्क आईडी का इस्तेमाल किया गया तो कहीं कार्य की प्रकृति के विपरीत भुगतान, बिना तिथि की क्रय रसीदें, श्रमिकों के विवरण के बिना मस्टर रोल तथा एक ही कार्य पर अलग-अलग वित्तीय वर्षों में दो-दो बार भुगतान दर्शाया गया है।
इसके अतिरिक्त केंद्रीय वित्त आयोग की टाइड फंड की धनराशि निर्धारित कार्यों के बजाय अन्य मदों में खर्च किए जाने के आरोप भी सामने आए हैं। इन परिस्थितियों में विभागीय निगरानी और जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
अब मांग उठ रही है कि जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं पंचायती राज विभाग के उच्चाधिकारी संबंधित ग्राम पंचायतों के विकास कार्यों की अभिलेखीय एवं स्थलीय जांच कराकर वित्तीय ऑडिट सुनिश्चित करें तथा अनियमितता प्रमाणित होने पर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें।
बसखारी विकास खण्ड में कथित भ्रष्टाचार की परतें खोलने का सिलसिला शिकायतों और खबरों के माध्यम से जारी रहेगा। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कार्रवाई करते हैं या फिर सरकारी धन के कथित बंदरबांट पर उनकी चुप्पी बरकरार रहती है।
