##सूर्य मंदिर कमेटी, नगर निगम के सफाई कर्मियों और पुलिस प्रशासन के सहयोग से श्रद्धालुओं का छठ पूजन हुआ सफल##
कतरास। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर कतरास स्थित कतरी नदी घाट पर श्रद्धा, भक्ति और आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला। छठ व्रतियों ने पूरे विधि-विधान और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ अस्ताचलगामी एवं उदयीमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की। चार दिवसीय महापर्व के समापन पर घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।
छठी मइया के पारंपरिक गीतों से पूरा घाट भक्तिमय हो उठा। वहीं, कतरी नदी घाट पर आमंत्रित गायक-गायिकाओं द्वारा प्रस्तुत छठ गीतों ने श्रद्धालुओं और व्रतियों में विशेष उत्साह एवं उमंग भर दिया।
छठ व्रतियों की सुविधा और घाट की स्वच्छता को लेकर सूर्य मंदिर कमेटी के सदस्यों के साथ धनबाद नगर निगम के सफाई कर्मियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। घाट पर साफ-सफाई एवं व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने में कर्मी लगातार जुटे रहे, जिससे श्रद्धालुओं को पूजन-अर्चना में सहूलियत मिली।
पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए कतरास थाना और अंगारपथरा ओपी पुलिस की टीम पूरी तरह मुस्तैद रही। पुलिस जवानों ने घाट एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इस अवसर पर बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो, पूर्व विधायक जलेश्वर महतो, पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा, वार्ड संख्या-5 की पार्षद निरुपमा देवी, नगर निगम के अधिकारी एवं सफाई कर्मी, बाघमारा डीएसपी अजीत कुमार विमल, कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार, अंगारपथरा ओपी के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। वहीं सूर्य मंदिर कमेटी के सदस्यों में पप्पू सिंह, शौकत खान, महेश पासवान सहित अन्य लोगों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
