बानसूर। ग्राम पंचायत श्यामपुरा के एक खेत में देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब खेत में ट्रैक्टर से हल जोत रहे चालक पर फायरिंग करने का मामला सामने आया। पीड़ित का आरोप है कि पहला फायर खाली चला गया और ट्रैक्टर चालक भोलाराम बाल-बाल बच गया। जिसको लेकर आज ग्रामीण बानसूर पुलिस थाने पहुंचे और मामला दर्ज करवाया गया।
जानकारी के अनुसार भोलाराम खेत में ट्रैक्टर से हल जोत रहा था। इसी दौरान दो युवक मौके पर पहुंचे और चालक भोलाराम को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। पहला फायर खाली जाने के बाद आरोपियों ने दोबारा फायर करने का प्रयास किया। इसी बीच पीछे से खेत मालिक कैलाश ने साहस दिखाते हुए देसी कट्टे को पकड़ लिया और दूसरी फायरिंग होने से रोक दी।
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल से फायरिंग में इस्तेमाल किया गया हथियार भी पुलिस को सौंप दिया गया।
थाना प्रभारी ने खोला राज, अभी फायरिंग की पुष्टि नहीं
मामले को लेकर थाना प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि रात को श्यामपुरा से सूचना मिली कि खेत में हल जोत रहे ट्रैक्टर चालक पर फायरिंग कर दी। घटना की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां दो युवक घायल थे। एक युवक के पास कट्टा और एक के पास कारतूस थे। दोनों युवकों को जांच के बाद कोटपूतली जिला अस्पताल पहुंचाया गया और आज पुलिस थाने लेकर आए हैं। ग्रामीणों की ओर से मामला दर्ज कर लिया गया है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में हिस्ट्रीशीटर मोहर सिंह गुर्जर और दूसरा युवक दीपक जाट शामिल है। पुलिस का कहना है कि अभी तक फायरिंग की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
ग्रामीणों के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान मोहर सिंह गुर्जर निवासी काशु की ढाणी, श्यामपुरा तथा दीपक जाट निवासी जिलाला, ग्राम पंचायत श्यामपुरा के रूप में बताई गई है। बताया जा रहा है कि मोहर सिंह गुर्जर पूर्व में भी आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल – खेत में आखिर हुआ क्या था? फायरिंग हुई या झड़प में घायल हुए दोनों युवक? पुलिस जांच के बाद ही होगा सच का खुलासा।
