हमीरपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर किसानों को निर्धारित दरों पर खाद उपलब्ध कराने और कालाबाजारी व ओवररेटिंग पर अंकुश लगाने के लिए जिला कृषि अधिकारी ने नायब तहसीलदार रमेश चन्द्र नामदेव के साथ जनपद की कई उर्वरक दुकानों पर औचक छापेमारी की।
इस दौरान स्टॉक, बिक्री और अभिलेखों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान छानी खुर्द स्थित दिनेश खाद भंडार में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसका लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
वहीं सपना खाद भंडार और शिवहरे खाद भंडार में स्टॉक एवं अभिलेखों का रखरखाव नियमानुसार नहीं मिलने पर दोनों दुकानदारों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। जांच अभियान के दौरान शिवहरे खाद भंडार, ओमर एजेंसी, सपना खाद भंडार, दिनेश खाद भंडार, न्यू बुन्देलखण्ड खाद भंडार, न्यू किसान एग्री जंक्शन और एग्री जंक्शन का निरीक्षण किया गया।
जिला कृषि अधिकारी ने सभी निजी उर्वरक विक्रेताओं को दुकानों पर रेट बोर्ड, स्टॉक की जानकारी और प्रोपराइटर बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक किसान को खाद खरीदने पर कैश मेमो या बिल उपलब्ध कराने तथा निर्धारित मूल्य पर ही बिक्री करने की हिदायत दी।
उन्होंने चेतावनी दी कि ओवररेटिंग, बिना बिल बिक्री, स्टॉक में गड़बड़ी अथवा अन्य अनियमितता पाए जाने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश 1985 के तहत कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हितों से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा।
