मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा कोतवाली क्षेत्र के मवइया गांव के पास शनिवार शाम नेशनल हाईवे-34 पर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की दर्दनाक मौत हो गई।
अज्ञात ट्रक की टक्कर से बाइक सवार सड़क पर गिर गया और हादसा इतना भीषण था कि उसका शव क्षत-विक्षत हो गया। मृतक की पहचान राम कृपाल प्रजापति (50) पुत्र पुन्ना निवासी ग्राम पढ़ोरी, कोतवाली मौदहा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि राम कृपाल प्रजापति कबरई में एक तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। वहां से वापस अपने गांव लौटते समय मवइया के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक और ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
सूचना पर उपजिलाधिकारी करणवीर सिंह और क्षेत्राधिकारी राजकुमार पाण्डेय भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।
