हमीरपुर। आगामी 1 नवंबर 2026 को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप की तैयारियों के क्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की ओर से गोहण्ड विकासखंड में सातवें दिन लघु विधिक शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को जनकल्याणकारी योजनाओं, उनकी पात्रता और लाभ प्राप्त करने की प्रक्रिया की जानकारी दी। साथ ही पात्र एवं जरूरतमंद लाभार्थियों को चिह्नित कर योजनाओं से जोड़ने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री राम प्यारे के मार्गदर्शन तथा सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं प्राधिकरण की सचिव वंदना अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित किया गया। शिविर में श्रम, दुग्ध विकास, समाज कल्याण, कृषि, विपणन, महिला कल्याण, परिवहन, कौशल विकास और पंचायती राज सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
संबंधित विभागों से पात्र लाभार्थियों को चिह्नित कर उनकी सूची जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को उपलब्ध कराने की अपील की गई, ताकि मेगा लीगल कैंप में अधिक से अधिक जरूरतमंदों को योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी विनोद कुमार पाण्डेय ने पराविधिक स्वयंसेवकों (पीएलवी) को स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में विकासखंड के अधिकारी-कर्मचारी, पीएलवी बंदना वर्मा, प्रेमचंद और पवन तिवारी सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पीएलवी पवन तिवारी ने ग्रामीणों से अपील की कि वे 1 नवंबर को आयोजित होने वाले मेगा लीगल कैंप में सहभागिता करें और पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं की जानकारी पहुंचाकर उन्हें लाभान्वित कराने में सहयोग दें।
