कोटपूतली-बहरोड़। साइबर ठगों द्वारा WhatsApp अकाउंट को निशाना बनाकर लोगों के साथ ठगी करने के मामले सामने आने के बीच कोटपूतली-बहरोड़ पुलिस ने आमजन को सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस की ओर से जारी एडवाइजरी में फर्जी WhatsApp लिंक, क्यूआर कोड और अनजान वीडियो कॉल के माध्यम से होने वाली साइबर ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
पुलिस के अनुसार, साइबर ठग फर्जी WhatsApp लिंक भेजकर लोगों के अकाउंट तक पहुंच बनाने का प्रयास करते हैं। इसके बाद वे संपर्क सूची में शामिल परिचितों को इमरजेंसी, इलाज या अन्य जरूरत का बहाना बनाकर पैसे मांगने के संदेश भेज सकते हैं। कई बार ठग खुद को अधिकारी, कस्टमर सपोर्ट या परिचित बताकर OTP और वेरिफिकेशन कोड हासिल करने की कोशिश भी करते हैं।
पुलिस ने आमजन से की ये अपील
🔹 किसी अनजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक या क्यूआर कोड को बिना जांचे न खोलें।
🔹 अपना OTP, WhatsApp वेरिफिकेशन कोड या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
🔹 WhatsApp पर टू-स्टेप वेरिफिकेशन चालू रखें और मजबूत PIN बनाएं।
🔹 अनजान ऐप डाउनलोड न करें तथा किसी के कहने पर स्क्रीन शेयरिंग या रिमोट एक्सेस ऐप इंस्टॉल न करें।
🔹 परिचित के नाम से पैसे मांगने वाला संदेश आने पर पहले फोन करके उसकी पुष्टि करें।
🔹 अकाउंट संदिग्ध रूप से इस्तेमाल होने या अचानक लॉगआउट होने पर तुरंत सुरक्षा संबंधी कदम उठाएं।
साइबर ठगी होने पर तुरंत करें शिकायत
यदि किसी के साथ साइबर ठगी होती है या ठगी का प्रयास किया जाता है, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा "www.cybercrime.gov.in" (https://www.cybercrime.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल सावधानी से करें और साइबर अपराध से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। साइबर ठगी से बचें।
