मौदहा (हमीरपुर)। नेशनल हाईवे-34 पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बैंक कर्मी ब्रजेश शर्मा (54) की मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक अवध नरेश गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा आर्टिका कार का टायर फटने के कारण हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे खाई में जा गिरे।
जानकारी के अनुसार, मकरांव गांव निवासी ई-रिक्शा चालक अवध नरेश पुत्र कामता प्रसाद गुरुवार सुबह ई-रिक्शा लेकर जा रहे थे। इसी दौरान नेशनल हाईवे-34 पर एक आर्टिका कार का टायर अचानक फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ई-रिक्शा से टकरा गई।
हादसे के समय सड़क पार कर रहे बैंक कर्मी ब्रजेश शर्मा भी इसकी चपेट में आ गए। दुर्घटना में उनकी मौत हो गई, जबकि ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पर तैनात कांस्टेबल संतोष कुमार यादव और होमगार्ड चालक रामपाल मौर्य मौके पर पहुंचे। दोनों ने घायल ई-रिक्शा चालक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार कराया गया।
उधर, मौदहा कोतवाली पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
