हमीरपुर। प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 को नकलविहीन, पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी अशोक कुमार ने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
जनपद में 25 और 30 अक्टूबर तथा 1 नवंबर को 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित होगी। प्रत्येक पाली में 5,136 अभ्यर्थी शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन और सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। परीक्षा सामग्री की गोपनीयता बनाए रखने तथा सभी तैयारियां समय से पूरी करने पर विशेष जोर दिया।
नकल या किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। परीक्षार्थियों के ठहरने की व्यवस्था: बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए अंबेडकर पार्क में ठहरने की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा रैन बसेरे भी खोल दिए गए हैं। डीएम ने होटल संचालकों को निर्धारित दरों का पालन करने के निर्देश दिए।
अधिक किराया वसूलने की शिकायत मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। परीक्षा की निगरानी के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 12 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं।
जिलाधिकारी ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय से सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक, शिक्षा विभाग के अधिकारी तथा सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
