शारदीय नवरात्रि के पावन पर्व पर आरा के टाउन थाना क्षेत्र के अंतर्गत डीन्स टैंक रोड गोलाम्बर आरा में स्थित श्री श्री दुर्गा पूजा समिति नव युवक संघ के पंडाल में नवमी के अवसर पर भव्य हवन का आयोजन किया गया। हवन में शामिल होने के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
पंडाल में हवन के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। हवन कुंड के चारों ओर भक्तगण बैठकर विधि-विधान से आहुति दे रहे थे। पंडित जी के वैदिक मंत्रोच्चार और हवन की सुगंध से पूरा पंडाल भक्तिमय हो गया। भक्तों ने घी, हवन समिधा, कपूर, गूगल और जौ-तिल से माता को आहुति अर्पित की।
श्री श्री दुर्गा पूजा समिति नव युवक संघ के सदस्य जीतेन्द्र कलकुमार,बबलू सिंह, अजित कुमार,मुकेश कुमार ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी हवन का भव्य आयोजन किया गया है। समिति की ओर से श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और नव कन्या पूजन का प्रसाद का भी विशेष व्यवस्था की गई है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों में हवन को लेकर खासा उत्साह देखा गया।
श्रद्धालुओं का कहना है कि नवरात्रि में हवन करने से मन को शांति मिलती है और घर-परिवार में सुख-समृद्धि आती है। कई भक्तों ने परिवार सहित हवन में बैठकर माता रानी से आशीर्वाद मांगा।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए समिति के कार्यकर्ता और स्थानीय पुलिस मुस्तैद नजर आई। पंडाल के बाहर फल-फूल, नारियल, चुनरी और प्रसाद की दुकानों पर भी खूब भीड़ लगी रही।
कुल मिलाकर डीन्स टैंक गोलाम्बर रोड के नव युवक संघ के पंडाल में हवन पूरी श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ।
