रिपोर्टर रवि शिमले मो.7024401114
बड़वानी 6 अक्टूबर 2026/भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए 7, 8 एवं 9 अक्टूबर को जिले के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान आयोजित किया जाएगा। अभियान के दौरान पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) द्वारा की जाएगी।
प्रशासन द्वारा जिले के सभी नागरिकों से अपील की गई है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है और वे निर्धारित पात्रता रखते हैं, तो अपना नाम जुड़वाने के लिए फार्म-6 में आवेदन जरूर करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि फार्म-6 के साथ घोषणा पत्र नहीं लिया जाएगा, जिसके संबंध में सभी बूथ लेवल अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश पहले ही जारी कर दिए गए हैं।
प्रशासन ने विशेष रूप से युवाओं एवं ऐसे सभी पात्र नागरिकों से आह्वान किया है, जिनकी आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है और जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं हुआ है, कि वे इस विशेष अभियान का पूरा लाभ उठाएं। अपने निकटतम मतदान केंद्र पर पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करें।
इसके साथ ही, सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से भी आग्रह किया गया है कि वे अपने-अपने बूथ लेवल एजेंटों (BLA) के माध्यम से इस महत्वपूर्ण कार्य में सहयोग करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें ताकि कोई भी पात्र मतदाता छूट न पाए।