राठ (हमीरपुर)। जलालपुर रोड स्थित पठानपुरा मोहल्ले के रहने वाले 30 वर्षीय भूपेंद्र राजपूत का शव मंगलवार सुबह देवलिया देव तालाब से बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि युवक तड़के तालाब में कूद गया था। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।
परिजनों के अनुसार, घर में मिले एक पत्र से युवक के तालाब में जाने की जानकारी हुई। वहीं तालाब के समीप स्थित मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में भी युवक के तालाब की ओर जाने और पानी में छलांग लगाने की बात सामने आई है।
सूचना मिलने पर राठ कोतवाली पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तालाब में युवक की तलाश शुरू की। करीब पांच घंटे तक चले अभियान के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक का शव पानी से बाहर निकाला जा सका।
परिजनों के मुताबिक, पत्र में युवक ने अपने परिवार के किसी सदस्य को परेशान न किए जाने की बात लिखी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
