हमीरपुर। भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या की गणना को सकुशल, निष्पक्ष, त्रुटिरहित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आज 16 सितंबर 2026 को कल्पवृक्ष सभागार, विकास भवन (कुछेछा), हमीरपुर में जिला स्तरीय समन्वय समिति (DLCCC) की बैठक एवं जिला स्तरीय अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम जिलाधिकारी एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी, हमीरपुर श्री अभिषेक गोयल के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों, कार्यप्रणाली, तकनीकी पहलुओं तथा विभिन्न विभागों की भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को जनगणना कार्य को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनगणना देश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास की योजनाओं के निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण आधार है। अतः जनगणना कार्य में प्रत्येक स्तर पर पूर्ण गंभीरता, पारदर्शिता एवं शुद्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना से संबंधित दायित्वों का प्रभावी समन्वय स्थापित करते हुए कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराएं। उन्होंने विशेष रूप से डाटा की शुद्धता, प्रगणकों एवं संबंधित कार्मिकों के प्रशिक्षण तथा आमजन को स्व-गणना के संबंध में जागरूक करने पर बल दिया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनगणना कार्य निदेशालय, लखनऊ से आए जिला प्रभारी श्री मेवा लाल द्वारा जनगणना के द्वितीय चरण की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने अधिकारियों एवं मास्टर ट्रेनर्स को जनसंख्या की वास्तविक गणना, डिजिटल माध्यम से डाटा संकलन एवं प्रविष्टि, विभिन्न प्रपत्रों को भरने की प्रक्रिया तथा स्व-गणना (Self-Enumeration) की तकनीकी प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से प्रशिक्षण दिया।
बताया गया कि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण में जनसंख्या की गणना के साथ नागरिकों से संबंधित सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं व्यक्तिगत विवरण संकलित किए जाएंगे। नागरिकों को 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध होगी, जिसके माध्यम से वे ऑनलाइन अपने परिवार का विवरण स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इसके उपरांत 01 दिसंबर 2026 से 04 जनवरी 2027 तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इस चरण में कुल 40 प्रश्नों के माध्यम से आवश्यक विवरण संकलित किया जाएगा।
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनगणना कार्य से जुड़े सभी कार्मिकों को निर्धारित प्रक्रिया एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की समुचित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। इसी क्रम में 16 एवं 17 सितंबर 2026 को जिला पंचायत सभागार (वीरांगना झलकारी बाई सभागार), हमीरपुर में जनगणना सहायकों, प्रभारियों तथा चार्ज के तकनीकी सहायकों का प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
बैठक के दौरान जनगणना कार्य के सफल संचालन के लिए विभागों के मध्य प्रभावी समन्वय, कार्मिकों की उपलब्धता, प्रशिक्षण व्यवस्था, तकनीकी संसाधनों तथा जनसामान्य तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने सहित विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) / जिला जनगणना अधिकारी श्री राकेश कुमार ने संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करते हुए जनगणना कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) / जिला जनगणना अधिकारी श्री राकेश कुमार, समस्त उप जिलाधिकारी, समस्त तहसीलदार/चार्ज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी श्री मुकेश खंगवार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीमती सुबोध जोशी, जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी (एनआईसी), समस्त खंड शिक्षा अधिकारी/अपर चार्ज अधिकारी तथा समस्त अधिशासी अधिकारी नगर पालिका/नगर पंचायत एवं अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
