मौदहा (हमीरपुर)। अरतरा रोड रेलवे अंडरपास में भरे पानी और कीचड़ से बचने के लिए रेलवे पटरी पार कर दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रहा 24 वर्षीय युवक मालगाड़ी की चपेट में आ गया।
हादसे में युवक का बायां हाथ कलाई से कट गया। गंभीर हालत में प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर किया गया है।
कुम्हरौड़ा मोहल्ला निवासी बाबूलाल पुत्र रामजीवन बुधवार को अरतरा रोड रेलवे अंडरपास से निकल रहा था। अंडरपास में पानी और कीचड़ भरा होने के कारण वह उससे बचने के लिए रेलवे पटरी पार करने लगा।
इसी दौरान मालगाड़ी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस के पायलट आकाश यादव और ईएमटी देवांशु यादव मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल मौदहा सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। यहां चिकित्सकों ने हालत नाजुक देखते हुए बेहतर उपचार के लिए कानपुर रेफर कर दिया।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
