मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के नरायच गांव के पास नेशनल हाईवे-34 पर सोमवार तड़के दर्दनाक हादसा हो गया।
डंपर की मरम्मत करने आए करीब 45 वर्षीय इंजन मिस्त्री की डंपर के पहिए के नीचे दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान रीशू निवासी शुक्लागंज, जिला उन्नाव के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि रीशू रविवार को डंपर ठीक करने के लिए नरायच गांव के पास आया था। रात में वह डंपर के नीचे सो गया।
सोमवार तड़के करीब तीन से चार बजे चालक ने डंपर स्टार्ट कर चला दिया। नीचे सो रहे मिस्त्री के पहिए के नीचे आ जाने से उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक डंपर लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मृतक के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। घटना के बाद पुलिस फरार चालक और डंपर की तलाश में जुटी है।
