मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली क्षेत्र के खंडेह गांव में रविवार शाम सिरसी तालाब में पैर फिसलने से 40 वर्षीय मजदूर उत्तम पुत्र टिल्लू नाई गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे तालाब से बाहर निकाला। एंबुलेंस से उसे मौदहा सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने सदर अस्पताल हमीरपुर रेफर कर दिया।
बताया गया कि उत्तम शाम करीब छह बजे सिरसी तालाब की ओर गया था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में पहुंच गया।
उसे डूबता देख ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई। ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर उसे बाहर निकाला और एंबुलेंस को सूचना दी।
एंबुलेंस पायलट आकाश यादव और ईएमटी देवांशु यादव की मदद से उत्तम को मौदहा अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे हमीरपुर रेफर कर दिया।
उत्तम के बड़े भाई भोला और मंगल ने बताया कि उसकी शादी नहीं हुई है और वह गांव में मजदूरी कर जीवनयापन करता है।
