जिला रिपोर्टर भैया लाल सोलंकी की रिपोर्ट
*शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन के विद्यार्थियों को कराया गया जिला न्यायालय एवं लोक अदालत भ्रमण।*
खरगोन। शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन के विद्यार्थियों द्वारा आज 12 सितंबर को जिला न्यायालय परिसर में आयोजित लोक अदालत का शैक्षणिक भ्रमण किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को लोक अदालत की कार्यप्रणाली, उपयोगिता एवं महत्व से प्रत्यक्ष रूप से अवगत कराया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को जिला न्यायाधीश श्री राजकुमार यादव जी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए लोक अदालत के स्वरूप एवं इसके माध्यम से त्वरित व सुलभ न्याय की प्रक्रिया पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने सिविल प्रक्रिया संहिता (CPC) की धारा 89 के प्रावधानों को बारीकी से समझाया और बताया कि किस प्रकार वैकल्पिक विवाद समाधान (ADR) के माध्यम से मुकदमों के बोझ को कम किया जा सकता है तथा पक्षों के मध्य आपसी सहमति से विवादों का स्थाई निपटारा संभव होता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मण्डलोई के मार्गदर्शन में आयोजित इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों में न्याय प्रणाली की व्यावहारिक बारीकियों को समझने के लिए विशेष उत्साह देखा गया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रोफेसर श्री चन्द्र भान त्रिवेदी एवं सुश्री तृप्ति जायसवाल मैडम विशेष रूप से उपस्थित रहे और विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया।
इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त विद्यार्थी उपस्थित रहे, जिन्होंने न्यायाधीश महोदय द्वारा दी गई जानकारियों को समझा व अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। पैरा लीगल वालेंटियर हरिश कोठे और खेमराज बुन्देले के द्वारा जिला न्यायाधीश श्री राजकुमार यादव सर की परमिशन और विधि महाविद्यालय के शिक्षकों के सहयोग से कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
