सावित्री ठाकुर के निरंतर प्रयासों से आदिवासी अंचल में रेल कनेक्टिविटी का सपना होगा साकार…
केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी ने टांडा रोड स्टेशन के ऐतिहासिक समारोह में किया आमंत्रित…
मनावर। जिला धार। धार लोकसभा क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण आने वाला है। आजादी के बाद पहली बार धार जिले के आदिवासी अंचल में रेल सुविधा पहुंचने जा रही है। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के अंतर्गत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण हो चुका है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के अवसर पर टांडा रोड रेलवे स्टेशन से बड़ोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा प्रारंभ की जाएगी।
8 सितंबर 2026 को माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बड़ोदरा में डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसी अवसर पर टांडा रोड स्टेशन से नई ट्रेन सेवा तथा डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर पर चार मालगाड़ियों का शुभारंभ किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि श्रीमती सावित्री ठाकुर वर्ष 2014 में अपने प्रथम कार्यकाल में सांसद निर्वाचित होने के समय से ही धार लोकसभा क्षेत्र को रेल सुविधा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत रही हैं। उन्होंने समय-समय पर केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय के समक्ष क्षेत्र की रेल संबंधी आवश्यकताओं को मजबूती से रखा और आदिवासी बाहुल्य क्षेत्रों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए रेल कनेक्टिविटी को प्राथमिकता दिलाने का सतत प्रयास किया जाता रहा है। आज उनके वर्षों के निरंतर प्रयास, दृढ़ इच्छाशक्ति और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की विकासोन्मुखी सोच का परिणाम धरातल पर दिखाई दे रहा है।
गंधवानी विधानसभा के टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक रेल का पहुंचना केवल आवागमन का साधन उपलब्ध होना नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र में व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और औद्योगिक विकास के नए द्वार खोलने वाला ऐतिहासिक कदम है।
इसके साथ ही बड़ोदरा–रतलाम 4-लेन रेल परियोजना को स्वीकृति तथा रेल, सड़क, परिवहन एवं राज्य सरकार की ₹35,000 करोड़ से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास, उद्घाटन एवं राष्ट्र को समर्पण से पश्चिमी मध्यप्रदेश और धार क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
श्रीमती सावित्री ठाकुर ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि धार लोकसभा क्षेत्र के नागरिकों का वर्षों पुराना रेल का सपना अब साकार हो रहा है। शीघ्र ही टांडा रोड रेलवे स्टेशन से धार नगर के रेलवे स्टेशन का कार्य भी पूर्ण होगा। यह उपलब्धि क्षेत्र के विकास के नए युग का शुभारंभ है।
