*आदिवासी अंचल में आजादी के बाद पहली बार पहुंची रेल सुविधा, क्षेत्र के विकास को मिलेगा नया आयाम*
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। छोटा उदयपुर–धार रेल परियोजना के अंतर्गत टांडा रोड रेलवे स्टेशन तक नई रेल लाइन का कार्य पूर्ण होने के बाद आदिवासी अंचल को आजादी के बाद पहली बार रेल सुविधा मिलने जा रही है। इसी ऐतिहासिक उपलब्धि के तहत टांडा रोड से वडोदरा (प्रतापनगर) के बीच नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ 8 सितंबर 2026 को किया जाएगा।
इस ऐतिहासिक अवसर पर देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी द्वारा नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। टांडा रोड रेलवे स्टेशन पर प्रातः 11 बजे भव्य शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित होगा।
नई रेल सेवा क्षेत्र के सामाजिक, आर्थिक एवं सांस्कृतिक विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। रेल सुविधा शुरू होने से आवागमन आसान होगा, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को नया बल मिलेगा, रोजगार के अवसरों का विस्तार होगा तथा क्षेत्र के समग्र विकास को गति मिलेगी।
*आदिवासी अंचल के विकास की दिशा में ऐतिहासिक कदम*
टांडा रोड रेलवे स्टेशन का भव्य उद्घाटन आदिवासी अंचल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। क्षेत्रवासियों की ओर से इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए केंद्रीय राज्यमंत्री संसद सावित्री ठाकुर ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव जी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित केंद्र एवं प्रदेश सरकार का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
8 सितंबर को टांडा रोड रेलवे स्टेशन पर होने वाला यह आयोजन क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक क्षण होगा।।क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर नई रेल कनेक्टिविटी के शुभारंभ के साक्षी बनने का आह्वान किया गया है।
