रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597

मनावर। जिला धार। आज जिला मुख्यालय धार में जिला समन्वय एवं विकास समिति (दिशा) की बैठक माननीय सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों तथा जनहित से जुड़े विषयों की विभागवार समीक्षा की गई।आयोजित बैठक में मध्य प्रदेश सड़क विकास निगम, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, रेलवे, विद्युत, स्वास्थ्य, कृषि, जल संसाधन, महिला एवं बाल विकास, जनजातीय कार्य सहित विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली गई।

श्रीमती सावित्री ठाकुर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक लाभ आमजन, विशेषकर ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों के नागरिकों तक समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से पहुँचना चाहिए। विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित न रहें, बल्कि उनका सकारात्मक प्रभाव धरातल पर दिखाई देना चाहिए। जनजातीय कार्य विभाग की समीक्षा के दौरान श्रीमती सावित्री ठाकुर ने सख्त नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि बालक-बालिकाओं के छात्रावासों की स्थिति में शीघ्र सुधार किया जाए। उन्होंने कहा कि जनजातीय विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़े विषयों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी स्वयं फील्ड में उतरकर छात्रावासों की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण करें और आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करें। इसी प्रकार एमपीआरडीसी से संबंधित अधिकारियों सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को भी सख्त निर्देश देते हुए कहा गया कि वे नियमित रूप से मैदानी क्षेत्रों का भ्रमण कर निर्माण एवं विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा प्रगति की स्वयं निगरानी करें। उन्होंने कहा कि जनता के धन से होने वाले प्रत्येक निर्माण कार्य में गुणवत्ता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।

श्रीमती ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार धार जिले के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। हमारा उद्देश्य विकास योजनाओं को गति देने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का समाधान और क्षेत्र में बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। बैठक में धार विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार मेडा, भाजपा जिला अध्यक्ष चंचल पाटीदार, जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीणा, पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
