डिंडौरी। शहर की स्वच्छता, सुंदरता, यातायात व्यवस्था एवं शासकीय भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने को लेकर नगर परिषद द्वारा कार्रवाई तेज कर दी गई है। कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया के निर्देशानुसार नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर सड़क एवं सार्वजनिक स्थानों पर अव्यवस्थित रूप से रखी सामग्री को हटाने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
इसी क्रम में वार्ड क्रमांक 01 के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे फैले कबाड़ को पीछे कर अपनी निर्धारित सीमा में व्यवस्थित करने तथा टीन शेड की दीवार बनाकर उसे ढकने के निर्देश संबंधित को दिए गए। नगर परिषद ने स्पष्ट किया कि मुख्य मार्ग अथवा सार्वजनिक सड़क पर कबाड़, निर्माण सामग्री, वाहन या अन्य सामान इस प्रकार नहीं रखा जाए, जिससे आम नागरिकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न हो।
निर्देशों का पालन नहीं करने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार जब्ती एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। नगर परिषद द्वारा ऐसे स्थानों को चिन्हित कर लगातार कार्रवाई किए जाने की बात कही गई है।
नगर परिषद की जमीन पर कब्जा किया है तो स्वयं हटाएं
नगर परिषद CMO वेदपुरी गोस्वामी ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि किसी व्यक्ति द्वारा नगर परिषद से संबंधित भूमि पर कब्जा किया गया है अथवा अनाधिकृत रूप से निर्माण किया गया है, तो संबंधित व्यक्ति स्वयं अपना कब्जा अथवा अनाधिकृत निर्माण हटा ले। ऐसा नहीं करने की स्थिति में नगर परिषद द्वारा नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित कब्जाधारी/मालिक की होगी।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित रखने में परिषद का सहयोग करें। अपने घर, दुकान एवं प्रतिष्ठान के आसपास कचरा, कबाड़ अथवा निर्माण सामग्री रखकर सार्वजनिक मार्ग बाधित न करें। सड़क और सार्वजनिक स्थान सभी के लिए हैं, इसलिए व्यक्तिगत उपयोग के कारण आमजन का आवागमन प्रभावित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद द्वारा व्यवस्था सुधारने की कार्रवाई जनहित में और नियमानुसार की जा रही है। नागरिक स्वयं आगे आकर अवैध कब्जे अथवा अनधिकृत निर्माण को हटाएं, ताकि अनावश्यक वैधानिक कार्रवाई की स्थिति निर्मित न हो।
उक्त कार्रवाई के दौरान नगर परिषद CMO वेदपुरी गोस्वामी सहित कार्यालय अधीक्षक आशीष कोरी, उपयंत्री यशवंत मेश्राम, अनिकेत बैंस एवं निखिल असाढ़ी उपस्थित रहे।
नगर परिषद की इस कार्रवाई को शहर के मुख्य मार्गों को व्यवस्थित करने, यातायात सुगम बनाने, स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा नगर परिषद की भूमि को अतिक्रमणमुक्त रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।



