

हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। नेशनल हाईवे-34 पर बड़े चौराहा के पास बुधवार सुबह करीब 5 बजे हुए भीषण सड़क हादसे में 24 वर्षीय खलासी शाहिद पुत्र गयास की मौके पर मौत हो गई, जबकि चालक हसीब बाबू पुत्र बलुआ, निवासी ग्राम नारायच, कोतवाली मौदहा, गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।जानकारी के अनुसार चालक हसीब बाबू लखनऊ से खाली ट्रक लेकर अपने खलासी शाहिद के साथ मौदहा लौट रहे थे। इसी दौरान कबरई की ओर से लोड होकर हमीरपुर की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनके ट्रक में सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।

सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल चालक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फरार ट्रक चालक की तलाश में जुटी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि एनएच-34 पर ओवरलोड और तेज रफ्तार ट्रकों के कारण आए दिन गंभीर सड़क हादसे होते रहते हैं। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के चलते लोग इस मार्ग को अब “खूनी हाईवे” कहने लगे हैं। इस ताजा हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था और ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
