
हमीरपुर से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर में मेडिएशन 2.0 (अपील वाद) अभियान की सफलता को लेकर प्रशिक्षित मध्यस्थों (मीडिएटर्स) के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री वंदना अग्रवाल ने जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री मनोज कुमार राय के मार्गदर्शन में की।बैठक में सचिव ने कहा कि मध्यस्थता न्याय प्राप्ति का सरल, त्वरित, किफायती और सौहार्दपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी मध्यस्थों से अधिक से अधिक अपील वादों का आपसी सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने के लिए सक्रिय और निष्पक्ष प्रयास करने का आह्वान किया, ताकि लंबित मामलों में कमी आए और पक्षकारों को समयबद्ध न्याय मिल सके।इस दौरान मध्यस्थों ने कार्य के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं से सचिव को अवगत कराया। सचिव ने उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए अभियान के दौरान बेहतर समन्वय और परिणामोन्मुख कार्यशैली अपनाने के निर्देश दिए।बैठक के अंत में सभी मध्यस्थों ने मेडिएशन 2.0 अभियान को सफल बनाने तथा अधिकाधिक अपील वादों का सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराने में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प लिया।

