
हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा (हमीरपुर)। सिसोलर मार्ग स्थित रेलवे अंडरपास के पास विद्यालय जा रहे दो शिक्षकों पर बाइक सवार तीन अज्ञात युवकों द्वारा फायरिंग किए जाने के मामले में मौदहा कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना में किसी भी शिक्षक को गोली नहीं लगी और दोनों सुरक्षित बच गए। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान में जुटी है।जानकारी के अनुसार, नगर के मराठीपुरा निवासी शिक्षक राजेंद्र गोस्वामी मंगलवार सुबह अपने साथी शिक्षक अवध बिहारी पटेरिया के साथ बाइक से उच्च प्राथमिक विद्यालय पढ़ोरी जा रहे थे। इसी दौरान रेलवे अंडरपास के पास पीछे से बाइक पर आए तीन युवकों में से एक ने तमंचे से उन पर फायर कर दिया। गोली किसी को नहीं लगी और दोनों शिक्षक बाल-बाल बच गए। घटना के बाद शिक्षकों ने कोतवाली पहुंचकर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी।बताया जाता है कि घटना के करीब 24 घंटे बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने पर बुधवार को तीन दर्जन से अधिक शिक्षक कोतवाली पहुंचे और नाराजगी जताई। शिक्षकों के आक्रोश के बाद पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।क्षेत्राधिकारी ने बताया कि थाना मौदहा में पीड़ित शिक्षक की तहरीर के आधार पर तीन अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया है। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों एवं अन्य उपलब्ध माध्यमों के आधार पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की विवेचना जारी है।

