

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर जिले की मौदहा तहसील क्षेत्र के ग्राम हिमौली निवासी रियाजउद्दीन पुत्र गयासुद्दीन ने संपूर्ण समाधान दिवस (तहसील दिवस) में शिकायत पत्र देकर गांव में जल निकासी की समस्या के समाधान की मांग की है।शिकायतकर्ता ने बताया कि बरसात का मौसम शुरू होने के बावजूद गांव के नाला-नालियों की सफाई नहीं कराई गई है। साथ ही पुलिया पूरी तरह मिट्टी से जाम होने के कारण बारिश का पानी आसानी से नहीं निकल पा रहा है। इससे बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति बन जाती है और ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।रियाजउद्दीन का कहना है कि यदि समय रहते नाला-नालियों की सफाई नहीं कराई गई तो बरसात का पानी गांव के कई घरों में घुस सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस संबंध में पहले भी कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।ग्रामीण ने तहसील दिवस में दिए गए शिकायती पत्र के माध्यम से प्रशासन से मांग की है कि नाला-नालियों और जाम पड़ी पुलिया की तत्काल सफाई कराकर जल निकासी की व्यवस्था सुचारु कराई जाए, ताकि बरसात में ग्रामीणों को परेशानी का सामना न करना पड़े।
