

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की राजकुमार
सरीला (हमीरपुर)। विकासखंड सरीला की ग्राम पंचायत छेरीबेनी में शनिवार को नमामि गंगे एवं जल जीवन मिशन के अंतर्गत जल चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी सुरेश कुमार ने की। इस दौरान ग्रामीणों से पेयजल व्यवस्था पर संवाद करते हुए जल संरक्षण और वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया गया।अपर जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता प्रत्येक ग्रामीण परिवार तक सुरक्षित एवं शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की सफलता तभी संभव है, जब ग्रामीण स्वयं भी योजनाओं के संचालन, रखरखाव और जल स्रोतों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाएं। उन्होंने जल की प्रत्येक बूंद का सदुपयोग करने और वर्षा जल संचयन अपनाने की अपील की।जल चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि गांव में नियमित रूप से शुद्ध पेयजल की आपूर्ति हो रही है और व्यवस्था संतोषजनक है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि ग्राम पंचायत में 50 केएल क्षमता के ओवरहेड टैंक के माध्यम से करीब 230 घरों तक पेयजल पहुंचाया जा रहा है।अपर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा न आए और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।उपजिलाधिकारी राजकुमार गुप्ता ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजना नहीं, बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखना सभी का दायित्व है।कार्यक्रम में सहायक अभियंता अनुराग सिंह, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि अशोक कुमार, विभागीय अधिकारी, ग्राम पंचायत के जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने “जल है तो कल है” का संदेश देते हुए जल संरक्षण और पेयजल योजनाओं के संरक्षण में सक्रिय सहयोग का संकल्प लिया।