

सिंगरौली: “SAFE CLICK-2026” अभियान 2.0 के तहत डी.पी.एस. विंध्यनगर में विशाल साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित।
पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने विद्यार्थियों से किया संवाद, साइबर सुरक्षा पर दिए महत्वपूर्ण सुझाव
पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश, भोपाल के निर्देशन में संचालित प्रदेशव्यापी “SAFE CLICK-2026” साइबर जागरूकता अभियान 2.0 के अंतर्गत डी.पी.एस. विद्यालय, विंध्यनगर में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. की गरिमामयी उपस्थिति में एक विशाल साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को डिजिटल युग में सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, साइबर अपराधों की पहचान तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध लगातार नए स्वरूप में सामने आ रहे हैं। ऐसे में जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा है। उन्होंने डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया हैकिंग, गेमिंग फ्रॉड, ओटीपी एवं यूपीआई धोखाधड़ी सहित विभिन्न साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान भारत सरकार, मध्यप्रदेश शासन, पुलिस मुख्यालय भोपाल एवं जिला सिंगरौली पुलिस द्वारा साइबर सुरक्षा विषय पर जारी जागरूकता वीडियो एवं शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक घटनाओं एवं साइबर अपराधों से बचाव के प्रभावी उपायों की जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर श्री उमेश प्रजापति ने विद्यार्थियों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की।कार्यक्रम की विशेष आकर्षण साइबर सुरक्षा क्विज प्रतियोगिता रही, जिसमें लगभग 500 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में साइबर सुरक्षा से संबंधित 40 प्रश्न पूछे गए, जिनके माध्यम से विद्यार्थियों के ज्ञान का परीक्षण करने के साथ-साथ उन्हें साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं से अवगत कराया गया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे, जिनका पुलिस अधीक्षक श्री षियाज के.एम. द्वारा सरल एवं व्यावहारिक उदाहरणों के साथ विस्तारपूर्वक उत्तर दिया गया। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (www.cybercrime.gov.in) तथा साइबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।इस अवसर पर थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना द्विवेदी, सायबर सेल प्रभारी उप निरीक्षक श्री पवन सिंह, उप निरीक्षक श्री अभिषेक पाण्डेय, प्रधान आरक्षक श्री आशिष बागरी, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।सिंगरौली पुलिस का उद्देश्य “SAFE CLICK-2026” अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवा पीढ़ी को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल समाज का निर्माण करना है।*सिंगरौली पुलिस की अपील*किसी भी अनजान कॉल, लिंक या QR Code पर विश्वास न करें।OTP, UPI PIN, पासवर्ड एवं बैंकिंग जानकारी किसी से साझा न करें।डिजिटल अरेस्ट जैसी धमकियों से घबराएँ नहीं, तुरंत पुलिस को सूचना दें।साइबर अपराध होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।*SAFE CLICK-2026*
*”सतर्क क्लिक – सुरक्षित भविष्य”**”आज का जागरूक विद्यार्थी, कल का सुरक्षित डिजिटल नागरिक।