A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :योग सप्ताह-2026 का शुभारंभ, स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का आह्वानह

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट

हमीरपुर, 15 जून। बारहवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में जनपद में योग सप्ताह-2026 का शुभारंभ सोमवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। 15 से 21 जून तक आयोजित होने वाले योग सप्ताह की शुरुआत स्थानीय स्पोर्ट्स स्टेडियम में प्रातः आयोजित कार्यक्रम से हुई। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” निर्धारित की गई है।कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक डॉ. मनोज प्रजापति, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप निषाद तथा क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निरेन्द्र बहादुर सिंह ने महर्षि पतंजलि की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। उन्होंने विशेष रूप से वृद्धावस्था में स्वास्थ्य संरक्षण और जीवन की गुणवत्ता सुधारने के लिए नियमित योगाभ्यास को आवश्यक बताते हुए नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।योग प्रशिक्षक डॉ. बृजेश कश्यप, योग सहायक अमित कुमार बाथम एवं उनकी टीम ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया। प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम के उपरांत जनजागरूकता के उद्देश्य से योग जागरूकता रैली निकाली गई। रैली स्टेडियम से प्रारंभ होकर कलेक्ट्रेट गेट, अकिल तिराहा, विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रमेड़ी तिराहा एवं जेल रोड होते हुए पुनः स्टेडियम पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के माध्यम से नागरिकों को योग के प्रति जागरूक करने तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।इस दौरान जिला क्रीड़ाधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी डॉ. रवीन्द्र प्रताप सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) सुजीत कुमार, नोडल अधिकारी डॉ. छन्दीलाल सहित आयुष विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। प्रशासन ने बताया कि योग सप्ताह के दौरान जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में योगाभ्यास, जागरूकता कार्यक्रम एवं विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे।

Related Articles
Show More
Back to top button