छठ महापर्व को लेकर डीएम एवं एसपी ने की संयुक्त ब्रीफिंग अधिकारियों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
ब्यूरो हेड नवादा:-मनोज कुमार
लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर विधि-व्यवस्था संधारण तथा श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों की सुविधा,सुरक्षा एवं सुचारु आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य को लेकर नवादा डीएम रवि प्रकाश एवं एसपी अभिनव धीमान द्वारा समाहरणालय सभाकक्ष में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित पदाधिकारियों के साथ संयुक्त ब्रीफिंग की गई।इस अवसर पर डीएम ने कहा कि लोक आस्था का महापर्व छठ चार दिनों तक अत्यंत श्रद्धा,भक्ति एवं पवित्रता के साथ मनाया जाता है।इस वर्ष छठ महापर्व का शुभारंभ दिनांक 13 नवम्बर शनिवार से नहाय-खाय के साथ हुआ है तथा 16 नवम्बर 2026 को उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ इसका समापन होगा। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं एवं छठ व्रतियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी संबंधित पदाधिकारी पूरी तत्परता एवं संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।डीएम ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पूर्व सभी घाटों की समुचित साफ-सफाई सुनिश्चित कराई जाए।घाटों पर कहीं भी मलबा, कचरा अथवा गंदगी जमा नहीं रहने दें तथा स्वच्छता व्यवस्था की लगातार निगरानी करें। छठ घाटों तक जाने वाली सड़कों की तत्काल मरम्मति कराने का निर्देश दिया।ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े।इसके साथ ही घाट परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था,चेंजिंग रूम,स्वच्छ पेयजल एवं अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
सिविल सर्जन नवादा को निर्देश दिया गया कि सभी प्रमुख छठ घाटों पर आकस्मिक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चिकित्सकों,चिकित्सा कर्मियों एवं जीवनरक्षक दवाओं के साथ मेडिकल टीमों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करें।साथ ही सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों को आवश्यक रूप से ब्रीफ करते हुए अस्पतालों में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया।डीएम ने रेलवे के संबंधित पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के मद्देनजर आवश्यक सतर्कता बरतने तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुरूप ट्रेनों की गति नियंत्रित रखने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में पटाखों के उपयोग पर प्रभावी नियंत्रण रखने तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से अनुपालन कराने को कहा। घाटों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पटाखे छोड़ने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश भी दिया गया।छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिले के कुल 149 महत्वपूर्ण एवं अतिमहत्वपूर्ण छठ घाटों पर दंडाधिकारी,पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति की गई है।डीएम ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों,अंचल अधिकारियों एवं थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि अपने-अपने प्रखंड एवं थाना क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर साफ-सफाई,सुरक्षा एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें तथा विधि-व्यवस्था की सतत निगरानी रखें।डीएम ने कहा कि छठ पर्व के दौरान नदी घाटों,तालाबों एवं गहरे जलाशयों में श्रद्धालुओं,विशेषकर बच्चों एवं महिलाओं के डूबने की आशंका बनी रहती है।इसको देखते हुए सभी संवेदनशील एवं खतरनाक जलाशयों को पूर्व में ही चिह्नित कर वहां पर्याप्त बैरिकेडिंग कराने का निर्देश दिया गया।श्रद्धालुओं को खतरनाक एवं गहरे पानी वाले क्षेत्रों में जाने से रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
अनुमंडल पदाधिकारी नवादा सदर एवं रजौली को भीड़-भाड़ वाले छठ घाटों पर अतिरिक्त नियंत्रण कक्ष स्थापित करने का निर्देश दिया गया।वहीं सभी छठ घाटों पर पूजा समितियों के माध्यम से सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया। आपदा प्रबंधन विभाग के प्रभारी पदाधिकारी को गहरे एवं खतरनाक तालाबों तथा जलाशयों के समीप प्रशिक्षित गोताखोरों की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।एसपी अभिनव धीमान ने सभी छठ घाटों पर आवश्यकतानुसार नियंत्रण कक्ष स्थापित करने तथा पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उन्होंने पटाखे छोड़ने वालों पर विशेष निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही सभी महत्वपूर्ण मंदिरों एवं मस्जिदों के आसपास नियमित पुलिस गश्ती एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।एसपी ने संबंधित थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि छठ घाट परिसर में दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।वाहनों की पार्किंग केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही कराई जाएगी तथा श्रद्धालुओं का घाट तक आवागमन पैदल सुनिश्चित किया जाएगा।उन्होंने सभी घाटों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति,भीड़ नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था संधारण के लिए विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी।किसी भी प्रकार की भ्रामक,आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली सामग्री पर नजर रखते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने प्रतिनियुक्ति स्थलों पर निर्धारित समय से पहुंचकर पूरी मुस्तैदी एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे।डीएम एवं एसपी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय,तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करते हुए छठ महापर्व को शांतिपूर्ण,सुरक्षित, स्वच्छ एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया।छठ पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था के संधारण एवं त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष, समाहरणालय, नवादा के सभागार में स्थापित किया गया है।यह नियंत्रण कक्ष 14 नवम्बर 2026 से कार्यरत रहेगा और कार्य समाप्ति तक निरंतर संचालित होगा। इसके अतिरिक्त 02 अस्थायी नियंत्रण कक्ष-शोभिया छठ घाट एवं गढ़पर छठ घाट पर भी प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। साथ ही अनुमंडल एवं थाना स्तर पर भी नियंत्रण कक्षों की व्यवस्था की गई है ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित समन्वय स्थापित किया जा सके। कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद को पेयजल की व्यवस्था, शौचालय एवं यूरिनल की व्यवस्था,चेंजिंग रूम की व्यवस्था कराने का निर्देश दिया गया। सभी छठ घाटों पर भीड़ नियंत्रण हेतु पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की गयी है इसके साथ ही छठ पूजा समिति के वाॅलेंटियर की प्रतिनियुक्ति भी की गई है। साथ ही वज्रवाहन,वाटर कैनन की प्रतिनियुक्ति,वाॅच टावर, अग्निशाम दस्ता,विद्युत व्यवस्था, सोशल मीडिया सेल,भीड़ नियंत्रण,बाइकर्स गैंग पर नियंत्रण,यातायात व्यवस्था आदि की भी वयवस्था की गई है।सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को निर्देश दिया गया कि अफवाह फैलाने वाले के विरूद्ध सुसंगत धारा के तहत कार्रवाई करना सुनिश्चित करेंगे।सभी भीड़ वाले छठ घाटों पर विडियोग्राफी एवं सीसीटीवी-कार्यपालक पदाधिकारी नगर परिषद नवादा,नगर पंचायत एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी द्वारा कराया जायेगा।सभी अनुमंडल पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के घाटों की विडियोग्राफी की व्यवस्था सुनिश्चित करायेंगे।जिला के विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में शम्भु शरण पाण्डेय,उप विकास आयुक्त,नवादा एवं निशु मल्लिक पुलिस उपाधीक्षक (मु0) नवादा रहेंगे।सभी प्रतिनियुक्त दण्डाधिकारी,पुलिस पदाधिकारियों को आदेश दिया गया है कि वे कर्तव्यनिष्ठा तथा कर्मठता के साथ सौंपे गये दायित्वों को निभायेंगे ताकि त्योहार शांतिपूर्वक सम्पन्न हो।
नियंत्रण कक्षों के संपर्क सूत्र निम्नलिखित हैं:-
1. जिला नियंत्रण कक्ष, नवादा – 06324-212261
2. पुलिस नियंत्रण कक्ष, नवादा – 06324-212263
3. अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, नवादा सदर – 06324-212238/9135272355
4. अनुमंडल नियंत्रण कक्ष, रजौली – 8789961655
5. स्वास्थ्य विभाग नियंत्रण कक्ष, नवादा – 8539969875/9135899957
6. स्वास्थ्य विभाग नियंत्रण कक्ष, रजौली – 7903777730
7. अग्निशाम नियंत्रण कक्ष, नवादा – 06324-212586
8. विद्युत प्रमंडल नियंत्रण कक्ष, नवादा – 7033095811
9. विद्युत प्रमंडल नियंत्रण कक्ष, रजौली -7369001361
10. मद्य निषेध नियंत्रण कक्ष, नवादा – 8544424181
11. थाना नियंत्रण कक्ष – संबंधित थानाध्यक्ष का फोन नंबर
12. जिला प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे पर्व के दौरान अनुशासन,स्वच्छता एवं आपसी सद्भाव बनाए रखें तथा किसी प्रकार की सूचना या शिकायत हेतु अपने नजदीकी नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।बैठक में उप विकास आयुक्त नवादा, सहायक समाहर्ता, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी नवादा सदर, गोपनीय शाखा प्रभारी, जिला नियोजन पदाधिकारी के साथ-साथ अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे एवं वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से अनुमंडल पदाधिकारी नवादा एवं रजौली के साथ-साथ सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी एवं थानाध्यक्ष आदि जुड़े थे।
