हमीरपुर। महोबा डिपो की एक रोडवेज बस की खस्ताहाल हालत के चलते यात्रियों को बीच रास्ते में परेशानी का सामना करना पड़ा।
हमीरपुर से महोबा जा रही बस में सवार महिला और बच्चों समेत करीब एक दर्जन यात्रियों को कुछेछा के पास बीच रास्ते में ही उतार दिया गया। बताया गया कि बस का गियर बॉक्स खराब होने के कारण आगे यात्रा संभव नहीं है।
बस में सफर कर रहे यात्री रामबाबू गुप्ता ने बताया कि वह महोबा डिपो से बस में सवार हुए थे। रास्ते में बस का गियर बॉक्स खराब होने की बात कहकर चालक ने महिला और बच्चों समेत करीब एक दर्जन यात्रियों को कुछेछा में उतार दिया।
अचानक बीच रास्ते में उतारे जाने से यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने रोडवेज बसों की बदहाल स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि खराब हालत वाली बसों के संचालन से आए दिन यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है।
