🌹जिला ब्युरोचिफ रवि गोस्वामी सरगुजा,
मैनपाट। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं पूर्व सैनिक श्री रामकुमार टोप्पो लगातार क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं और जनहित से जुड़े विषयों को लेकर निरंतर सक्रिय नजर आते हैं।
इसी क्रम में मैनपाट ब्लॉक के खदान प्रभावित क्षेत्रों से ग्रामीणों द्वारा लगातार मिल रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक श्री टोप्पो स्वयं प्रभावित क्षेत्र पहुंचे और मौके पर निरीक्षण कर ग्रामीणों के साथ बैठक एवं संवाद किया।
इस दौरान ग्रामीणों ने खदान कंपनियों द्वारा कथित रूप से बरती जा रही अनियमितताओं, सड़क निर्माण, मजदूरी भुगतान, स्थानीय लोगों को रोजगार तथा खदानों में कार्यरत मजदूरों की सुरक्षा से जुड़े विषयों पर अपनी समस्याएं रखीं। विधायक ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित सीएमसी अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख रूप से निर्देशित किया गया कि खदान कंपनियां आगामी छह माह के भीतर अपनी स्वयं की सड़क का निर्माण सुनिश्चित करें, मजदूरों को समय पर मजदूरी का भुगतान करें, स्थानीय ग्रामीणों एवं खदान प्रभावित परिवारों को रोजगार में प्राथमिकता दें तथा खदानों में कार्यरत कर्मचारियों एवं श्रमिकों को आवश्यक सेफ्टी किट उपलब्ध कराएं। साथ ही प्रभावित क्षेत्र के लोगों को शासन के नियमानुसार मिलने वाली सुविधाओं में किसी प्रकार की कटौती नहीं होनी चाहिए।
इस अवसर पर विधायक श्री रामकुमार टोप्पो ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मैनपाट छत्तीसगढ़ का शिमला कहलाता है और प्राकृतिक सौंदर्य एवं खनिज संपदा से समृद्ध क्षेत्र है। यहां उपलब्ध बॉक्साइट खनिज का दोहन करते समय क्षेत्र की जनता के हितों, पर्यावरण और श्रमिकों की सुरक्षा का पूरा ध्यान रखना खदान कंपनियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि खदान कंपनियों की मनमानी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कंपनियां शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी पारदर्शिता के साथ कार्य करें। ग्रामीणों के अधिकारों एवं सुविधाओं से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने में कोई देरी नहीं होगी।
विधायक ने आगे कहा कि माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय जी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार सुशासन, पारदर्शिता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। विकास के नाम पर स्थानीय जनता के अधिकारों की अनदेखी स्वीकार नहीं की जाएगी। खनिज संपदा से क्षेत्र का विकास होना चाहिए और उसका लाभ सबसे पहले प्रभावित क्षेत्र के लोगों तक पहुंचना चाहिए।
विधायक श्री टोप्पो की इस पहल एवं ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं को सुनने और संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देने से प्रभावित क्षेत्र के ग्रामीणों में हर्ष का माहौल है। ग्रामीणों ने इस पहल को जनहित में सराहनीय बताते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का शीघ्र निराकरण होगा।
बैठक में जनपद पंचायत मैनपाट के उपाध्यक्ष श्री अनिल सिंह, विधायक प्रतिनिधि एवं भाजपा जिला मंत्री श्री रजनीश पांडे, भाजपा मंडल के पदाधिकारी, युवा मोर्चा के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इन सभी की उपस्थिति में ग्रामीणों की समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने पर जोर दिया गया।
